7 जनवरी 2021 - 13:11
पश्चिमी प्रजातंत्र बेहद कमज़ोर, कांग्रेस की घटनाओं से अमरीकी शासक और पूरी दुनिया सबक़ सीखे, राष्ट्रपति रूहानी

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने अमरीका की घटनाओं और कांग्रेस की इमारत पर हमले को पश्चिमी प्रजातंत्र के कमज़ोर और आधारहीन होने का चिन्ह बताया है।

राष्ट्रपति हसन रूहानी ने गुरुवार को अमरीका की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटनाएं यह साबित करती हैं कि पश्चिमी देशों में विज्ञान व तकनीक में विकास के बावजूद, लोकलुभावनवाद यथावत मौजूद है और एक लोकलुभावनवादी व्यक्ति चार वर्षों तक अपने देश की मिट्टी पलीद करता रहा है। 

राष्ट्रपति ने कहा है कि एक अस्वस्थ्य व्यक्ति ने अमरीका में सत्ता पर क़ब्ज़ा करके अपने देश के संबंधों को पूरी दुनिया से खराब कर दिया और अपने देश, पश्चिमी एशिया, फिलिस्तीन, सीरिया, यमन और दुनिया के बहुत से इलाकों को बहुत अधिक नुक़सान पहुंचाया है। 

राष्ट्रपति रूहानी ने आशा प्रकट की है कि कांग्रेस की इमारत में होने वाली घटनाएं पूरी दुनिया और वाइट हाउस के अगले शासकों के लिए एक पाठ होंगी । 

याद रहे अमरीकी संसद कांग्रेस में बाइडन की जीत की पुष्टि के लिए बैठक के दौरान ट्रम्प के समर्थकों ने इमारत पर धावा बोल दिया जिसकी वजह से बैठक अधूरी रह गयी।